
BP Mandal Jayanti: लोहिया भवन में श्रद्धा से याद किए गए बीपी मंडल, ‘अमर रहें’ के नारों से गूंजा परिसर
बीपी मंडल की जयंती पर सपाइयों ने सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के लोहिया भवन, गुलाब बाड़ी में मंगलवार को सामाजिक न्याय के पुरोधा एवं पिछड़े, वंचित और शोषित वर्गों के अधिकारों की मजबूत आवाज रहे बाबू बिंदेश्वरी प्रसाद मंडल (बीपी मंडल) की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में सपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बीपी मंडल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके विचारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि बीपी मंडल का पूरा जीवन सामाजिक बराबरी, सम्मान और अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने उन वर्गों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी, जिन्हें लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से वंचित रखा गया। मंडल आयोग के माध्यम से पिछड़े वर्गों के अधिकार और प्रतिनिधित्व का सवाल देश की राजनीति के केंद्र में आया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय केवल किसी एक वर्ग का मुद्दा नहीं, बल्कि समाज में बराबरी और सम्मान स्थापित करने का व्यापक अभियान है। समाजवादी पार्टी डॉ. राममनोहर लोहिया और बीपी मंडल के विचारों से प्रेरणा लेकर पिछड़े, दलित, वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को लगातार मजबूती देती रही है।
सपा नेताओं ने कहा कि आज के दौर में महापुरुषों के विचारों को केवल स्मरण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। युवाओं को बीपी मंडल के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने तथा समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि सामाजिक न्याय की आवाज गांव-गांव और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाएगी तथा संविधान में निहित समानता, न्याय और अधिकारों के मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य किया जाएगा। इस दौरान “बीपी मंडल अमर रहें” और “सामाजिक न्याय जिंदाबाद” के नारों से लोहिया भवन परिसर गूंज उठा।
सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में शिक्षक सभा के जिला अध्यक्ष दान बहादुर सिंह, घनश्याम यादव, जिला उपाध्यक्ष औरौनी प्रसाद पासवान, जिला सचिव अंसार अहमद, जिला सचिव सीताराम यादव, एससी-एसटी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष विद्याभूषण पासी, महिला सभा की जिला अध्यक्ष सरोज यादव, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव पावन यादव ‘बिट्टू’, शैलेंद्र यादव, बृजेश सिंह चौहान, विशाल यादव, जितेंद्र यादव, जुनैद खान, एडवोकेट राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
