
CM Samuhik Vivah Yojana: मंगलगीतों की गूंज के बीच 174 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, दो मुस्लिम जोड़ों का हुआ निकाह
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पूरा बाजार ब्लॉक में आयोजित हुआ सामूहिक विवाह समारोह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
पूरा बाजार, अयोध्या। कहीं वैदिक मंत्रों की गूंज, कहीं मंगलगीतों की मधुर धुन तो कहीं अपनों के आशीर्वाद से नम आंखें। पूरा बाजार ब्लॉक मुख्यालय रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में खुशियों और उत्साह से सराबोर रहा। यहां कुल 174 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। इनमें दो मुस्लिम जोड़ों का निकाह उनकी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। एक ही आयोजन में विभिन्न धार्मिक परंपराओं के बीच विवाह की खुशियों ने सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों के चेहरों पर नए जीवन के सपने दिखाई दिए, वहीं परिजनों के चेहरे खुशी और संतोष से खिले रहे। विवाह की रस्मों के दौरान जब वर-वधू ने एक-दूसरे का हाथ थामा, तो उपस्थित लोगों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। परिजनों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष एवं भाजपा महानगर महामंत्री शिवेन्द्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष दिया। उन्होंने नवदंपतियों के सुखी और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए कहा कि विवाह जीवन की नई शुरुआत है, जिसे आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।
बेटियों के विवाह में आर्थिक चिंता कम कर रही योजना
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की सहायता का विवरण दिया गया। इसमें कन्या के बैंक खाते में सीधे 64 हजार रुपये, विवाह के बाद उपहार एवं सामग्री के लिए 21 हजार रुपये और विवाह आयोजन पर 15 हजार रुपये का प्रावधान बताया गया।
इस आर्थिक सहायता से जरूरतमंद परिवारों को विवाह के खर्च में राहत मिलती है। साथ ही, परिवारों को बेटियों की शादी की जिम्मेदारी निभाने में सहयोग मिलता है और नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए प्रोत्साहन मिलता है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना केवल विवाह संपन्न कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जरूरतमंद परिवारों के सम्मान और बेटियों के बेहतर भविष्य से जुड़ी पहल है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी परिवार की खुशियां अधूरी न रहें, इसके लिए सरकार सहायता उपलब्ध करा रही है। उन्होंने नवदंपतियों से आपसी प्रेम, विश्वास और सम्मान के साथ गृहस्थ जीवन आगे बढ़ाने की अपील की।
वहीं, शिवेन्द्र सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों को संबल देने के साथ सामाजिक समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्य अच्छेलाल निषाद, नंद कुमार सिंह, रामजीत निषाद, अनूप वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, राजेश पाण्डेय, शोभा राम वर्मा, सुरेश तिवारी, अजय सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा पाण्डेय, पूरा बाजार के बीडीओ अनुराग सिंह सहित क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के परिजन मौजूद रहे।
