
Ayodhya Congress News: शिक्षक एमएलसी की बैठक में शामिल होने पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति, उपाध्यक्ष राजकुमार पांडे का इस्तीफा
बीकापुर, अयोध्या। जिला कांग्रेस कमेटी अयोध्या के अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पांडे को सोशल मीडिया पर लगातार अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ उनके संगठनात्मक कार्यक्रमों में सहभागिता से संबंधित तस्वीरें सामने आने के प्रकरण में जिला उपाध्यक्ष पद से विमुक्त कर दिया है।
उक्त जानकारी देते हुए जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने इस संबंध में राजकुमार पांडे को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 15 दिनों के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में संगठनात्मक अनुशासन, पार्टी की विचारधारा और निर्धारित मर्यादाओं का पालन सभी पदाधिकारियों के लिए आवश्यक है। पार्टी के प्रत्येक पदाधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ करे।
जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने कहा कि संबंधित प्रकरण में जिला अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने राजकुमार पांडे को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया है। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने अथवा जवाब असंतोषजनक पाए जाने की स्थिति में पार्टी के संविधान एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनके विरुद्ध आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें पार्टी से निष्कासन की कार्रवाई भी शामिल है।
जिला कांग्रेस कमेटी अयोध्या के जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पांडेय ने निजी व्यस्तता का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया। तारुन के खपराडीह निवासी पांडेय श्री अनन्त इंटर कॉलेज में शिक्षक हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को हैदरगंज में शिक्षक एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के समर्थन में हुई बैठक में शिक्षक होने के नाते शामिल हुए थे, जिस पर पार्टी ने आपत्ति जताई थी।

