
Crime News: छह लाख की ठगी के आरोप में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
भूमि दिलाने के नाम पर रुपये लेने और वापस न करने का आरोप, गोसाईंगंज पुलिस ने दर्ज की एफआर
गोसाईंगंज, अयोध्या। भूमि दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये की कथित ठगी और जालसाजी के मामले में न्यायालय के आदेश पर गोसाईंगंज कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज की है।
महराजगंज थाना इलाके के सरायरासी निवासी रमाशंकर सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि गोसाईंगंज कोतवाली इलाके के सरैया (लाला का पुरवा) गांव निवासी रविन्द्र सिंह ने प्रॉपर्टी डीलिंग के माध्यम से कृषि भूमि दिलाने का भरोसा देकर उनसे छह लाख रुपये लिए।
आरोप है कि वर्ष 2024 में अलग-अलग तिथियों पर आरटीजीएस, एनईएफटी और नकद के माध्यम से भुगतान किया गया, लेकिन न तो भूमि दिलाई गई और न ही रुपये वापस किए गए। वादी का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में गोसाईंगंज थाना पुलिस ने आरोपी रविन्द्र सिंह के विरुद्ध ठगी एवं जालसाजी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।एसएचओ अभिमन्यु शुक्ला के मुताबिक मामले की विवेचना के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
