
लेखपाल संघ धरना: लेखपाल उत्कर्ष दीप की गिरफ्तारी के विरोध में धरने का आज दूसरा दिन
अयोध्या। तहसील सोहावल के लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ एंटी करप्शन टीम की ओर से की गई ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के बैनर तले जिलेभर के लेखपालों ने सदर तहसील परिसर में धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। लेखपालों ने कार्रवाई को अकारण, अनियमित और असंवैधानिक बताते हुए उत्कर्ष दीप की सम्मानजनक रिहाई की मांग की। लेखपाल संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, 20 अगस्त को लेखपाल उत्कर्ष दीप शासन की मंशा के अनुरूप चल रही अंश निर्धारण योजना के तहत तहसील सोहावल के पंचायत भवन में खतौनी में खातेदारों के मध्य अंश निर्धारण का कार्य कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति एंटी करप्शन टीम से मिलीभगत कर फाइलों में रुपये रखकर वहां से चला गया। इसके बाद टीम ने फाइलों से रुपये निकालकर लेखपाल के हाथ में पकड़ाए और ट्रैप की कार्रवाई की। संघ पदाधिकारियों ने इस कार्रवाई को जबरन और नियमविरुद्ध बताते हुए कहा कि इससे जिले के लेखपालों में आक्रोश है। धरने को तहसील सोहावल के अध्यक्ष तरुण कुमार मिश्र, पूर्व मंत्री राहुल यादव, तहसील मिल्कीपुर के लेखपाल वेद प्रकाश वर्मा, जिला मंत्री नंदलाल वर्मा, जिलाध्यक्ष विनोद कुमार पांडेय, तहसील रुदौली अध्यक्ष कुलदीप सिंह, तहसील बीकापुर के जिला अध्यक्ष अंकुश वर्मा तथा तहसील मिल्कीपुर अध्यक्ष आशीष राम ने संबोधित किया।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमे की मांगआमसभा में लेखपालों ने मांग की कि गिरफ्तार लेखपाल उत्कर्ष दीप को तत्काल सम्मानजनक रिहाई दी जाए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विजिलेंस टीम के प्रभारी समेत पूरी टीम के खिलाफ उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से थाना पूराकलंदर में दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाए।जिला मंत्री नंदलाल वर्मा ने बताया कि आमसभा में निर्णय लिया गया है कि जब तक लेखपाल की रिहाई और एंटी करप्शन टीम के विरुद्ध दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, तब तक लेखपाल संघ का धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
