
किसानों की नाराजगी: फुके ट्रांसफार्मर और लो वोल्टेज से परेशान किसानों का प्रदर्शन, दो दिन में बदलने का आश्वासन
तारुन, अयोध्या। विद्युत उपकेंद्र तारुन क्षेत्र मे कम क्षमता के ट्रांसफ़ार्मर, अघोषित बिजली कटौती और लो बोल्टेज की समस्या से जूझ रहे क्षेत्र के ककराही ग्राम पंचायत के सैकड़ो किसानों ने उपकेंद्र पर पहुंच शनिवार को दोपहर में हंगामा काटा। किसानों की नाराजगी देख उपकेंद्र कर्मियों ने मामले की सूचना तारुन पुलिस को दीं। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी।
ग्रामीणों के बीच पहुँचे अवर अभियंता विमल कुमार ने बिंदुवार मांगो पर चर्चा की। ग्रामीणों में राहुल पटेल, सोनू विकास वर्मा, सम्राट वर्मा, रविशंकर वर्मा, दलजीत वर्मा, इंद्रभान वर्मा, सभाजीत, विजय प्रकाश, समरजीत, सूरज कुमार, अभिषेक वर्मा ने बताया कि उनके गांव मे 63 केवी का ट्रांसफ़ार्मर लगा है, जिस पर 43 नलकूप तथा 36 घरेलू कनेक्शन संचालित है। अधिक लोड होने के कारण आये दिन ट्रांसफ़ार्मर फुका रहता है। इसके अलावा न्यूटल तार न लगे होने के कारण किसान एसटपलाइजर लगाकर घर का पंखा चलाने को मजबूर है।
ग्रामीणों के मध्य हुई वार्ता सफल रही, जेई ने फुके ट्रांसफ़ार्मर को दो दिन मे बदलने और न्यूटल तार एक महीने के अंदर लगवाने के आश्वासन पर ग्रामीण प्रदर्शन खत्म कर वापस घर लौट गये।
