Crime News: घर में फंदे से लटका मिला पति, डाक्टर ने किया मृत घोषित 

Spread the love

Crime News: घर में फंदे से लटका मिला पति, जिला अस्पताल में डाक्टर ने किया मृत घोषित 

पत्नी की प्रताड़ना से परेशान था पति…! जांच में जुटी पुलिस 

अयोध्या। जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामनगर मोहल्ले में एक युवक का शव उसके ही घर में फंदे से लटका मिला है। मामले की जानकारी पर पुलिस पोस्टमार्टम करने और जांच पड़ताल में जुट गई है। आशंका है कि युवक ने अपनी पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर ऐसा कदम उठाया।

बताया गया कि नगर कोतवाली के रामनगर मोहल्ले का रहने वाला 34 वर्षीय राहुल खन्ना पुत्र सत्य प्रकाश शहर में ही एक कपड़े की दुकान पर सेल्समैन की नौकरी करता था। ढाई तीन साल पूर्व उसने एक युवती से शादी की थी और वर्तमान में दोनों साथ-साथ रह रहे थे। शादी के लगभग एक डेढ़ साल बाद ही दोनों में मनमुटाव शुरू हो गया और इसने पारिवारिक कलह का रूप ले लिया। मामले में पत्नी सरोज ने अपने पति के खिलाफ प्रताड़ना की शिकायत महिला थाना पुलिस से की थी। जिसको लेकर महिला थाना पुलिस ने राहुल खन्ना को तलब किया था। वह महिला थाना गया भी, लेकिन शिकायतकर्ता उसकी पत्नी पुलिस के पास नहीं पहुंची। आए दिन के पारिवारिक कलह को लेकर वह मानसिक अवसाद में चल रहा था और आशंका जताई जा रही है की इसी कारण उसने फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी।

जिला अस्पताल के डाक्टर ने किया मृत घोषित

जिला अस्पताल प्रशासन का कहना है कि राहुल खन्ना को उसका जीजा तरुण श्रीवास्तव लेकर अस्पताल आया था। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने परीक्षण के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा पोस्टमार्टम के लिए मेमो नगर कोतवाली पुलिस को भिजवाया गया है। वहीं मृतक के जीजा तरुण श्रीवास्तव का कहना है कि राहुल उनके घर आया था। काफी देर तक दोनों के बीच बात हुई और पत्नी की शिकायत को लेकर भी चर्चा हुई। बाद में पता चला कि राहुल ने अपने ही घर में फांसी लगा ली है।


Spread the love

Related posts