
PDA Sugar 20 Rupees Per Kg: रक्षाबंधन पर सपा नेता का अनोखा प्रदर्शन, 20 रुपये किलो बांटी PDA चीनी
अयोध्या। चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर समाजवादी पार्टी के दिव्यांग नेता ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। बीकापुर ब्लॉक क्षेत्र के पिपरी जलालपुर स्थित निषाद बस्ती में समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव दिव्यांग पंडित समरजीत ने PDA चीनी 20 रुपये किलो का स्टॉल लगाया। यहां ग्रामीण महिलाओं को सांकेतिक रूप से सस्ती दर पर चीनी वितरित की गई। चीनी लेने के लिए महिलाओं की लंबी कतार लग गई। रक्षाबंधन के पर्व से पहले सस्ती चीनी मिलने से ग्रामीण महिलाओं के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। महिलाओं ने कहा कि इससे उन्हें त्योहार पर राहत मिली है और वे अपने भाइयों को मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन का पर्व मना सकेंगी।

इस दौरान पंडित समरजीत ने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों की परेशानी बढ़ गई है। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर बहनों को चिंता थी कि महंगी चीनी और अन्य सामान के बीच वे अपने भाइयों का मुंह कैसे मीठा कराएंगी। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचकर 20 रुपये किलो की दर से PDA चीनी वितरित की।
उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सोच के अनुरूप पार्टी कार्यकर्ता गरीब और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सावित्री निषाद, अंजलि, शामली देवी, सीमा वर्मा, रेनू निषाद, नीतू, लक्ष्मी, अंशुल, ज्ञानमती, रीता, पुष्पा देवी और कुमकुम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।
