कर्मचारी सम्मान समारोह: 40 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने पर भावुक माहौल में दी गई विदाई

Spread the love

 

कर्मचारी सम्मान समारोह: 40 वर्षों की निष्कलंक सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने पर भावुक माहौल में दी गई विदाई

अयोध्या। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के नलकूप खंड अयोध्या में मंगलवार को 40 वर्षों तक विभागीय सेवाएं देने वाले वरिष्ठ कर्मचारी हरिप्रसाद पाठक व हजारी लाल वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके लंबे सेवाकाल, कार्यकुशलता और कर्मचारियों के हित में किए गए योगदान को याद करते हुए उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

विदाई समारोह में भावुक क्षण भी देखने को मिले। हरिप्रसाद पाठक के साथ लंबे समय तक कार्य कर चुके कई अधिकारी और कर्मचारी उनके साथ बिताए पलों को याद कर भावुक नजर आए। समारोह में उपस्थित लोगों ने कहा कि पाठक ने अपने चार दशक के सेवाकाल में निष्ठा, ईमानदारी और शालीनता के साथ विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।

अपने सौम्य स्वभाव और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण हरिप्रसाद पाठक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच हमेशा बेहतर सामंजस्य बनाए रखा। उनके व्यवहार और कार्यशैली की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों ने कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

समारोह को संबोधित करते हुए अधिशासी अभियंता उदयशंकर सिंह ने कहा कि हरिप्रसाद पाठक विभाग के ऐसे कर्मचारी रहे, जिन्होंने अपने व्यवहार और कार्यशैली से सभी का दिल जीता। उन्होंने कहा कि पाठक ने केवल विभागीय दायित्वों का ही ईमानदारी से निर्वहन नहीं किया, बल्कि प्रांतीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, सिंचाई विभाग में मंत्री पद पर रहते हुए कर्मचारियों के हितों की लड़ाई भी मजबूती से लड़ी।

अधिशासी अभियंता ने कहा कि कर्मचारियों के कल्याण और उनके हितों की रक्षा के लिए हरिप्रसाद पाठक द्वारा किए गए कार्य सराहनीय रहे हैं। विभाग उनके योगदान और सेवाओं को सदैव याद रखेगा।

विदाई समारोह में हरिप्रसाद पाठक के पुत्र अपूर्व पाठक भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सहायक अभियंता विभाकर सिंह, विकास चौधरी, राजेश कुमार, योगेश कुमार, अवर अभियंता राहुल सिंह, धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त हुए हजारी लाल वर्मा को भी सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके दीर्घायु, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।


Spread the love

Related posts