
Amarnath Yatra News : बारिश के कारण स्थगित हुई थी यात्रा, फिर पटरी पर लौटी, मौसम को लेकर लोगों से की जा रही अपील
जम्मू। भारी बारिश के कारण रुकी अमरनाथ यात्रा फिर शुरू हो गई है। रविवार को 3,886 श्रद्धालुओं का 25वां जत्था कड़ी सुरक्षा जम्मू स्थित आधार शिविर से पवित्र गुफा के लिए रवाना किया गया। बता दें कि बारिश के कारण कई स्थानों पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को नुकसान पहुंचा था। इसी कारण शनिवार को जम्मू से अमरनाथ यात्रा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद यात्रा को फिर से बहाल कर दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन कि ओर मिली जानकारी के अनुसार मार्ग पर मरम्मत का कार्य जारी है। फिलहाल राजमार्ग को एक लेन के लिए खोल दिया गया है, जिससे अमरनाथ यात्रा के वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है। रविवार सुबह से हल्के वाहनों को भी हाईवे पर चलने की अनुमति दे दी गई। उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा ने समरोली स्थित देवाल पुल का निरीक्षण कर मलबा हटाने और सड़क बहाली कार्य का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द यातायात पूरी तरह बहाल करने और राहत कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा खराब मौसम की आशंका को देखते हुए यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग की ताजा यातायात स्थिति की जानकारी जरूर लें। अधिकारियों के अनुसार पिछले माह तीन जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा में अब तक चार लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
