
जन समस्या: सड़क पर जल भराव से आवागमन प्रभावित, हजारों राहगीर और छात्र परेशान
भाजपा को लगभग 86 प्रतिशत मतदान करने वाले बूथ की बदहाल सड़क पर स्थानीय लोगों में आक्रोश, विधायक बोले-सदन के बाद स्वयं करेंगे निरीक्षण
अमानीगंज, अयोध्या। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमावा सूफी रामनगर में पिछले करीब एक माह से सड़क पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं और आए दिन राहगीरों व छात्रों के चोटिल होने का खतरा बना रहता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बूथ संख्या 139 और 140 पर विगत चुनाव में भाजपा को करीब 86 प्रतिशत मतदान मिला था। इसके बावजूद गांव की प्रमुख सड़क लंबे समय से जलभराव और बदहाली का शिकार है। लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन हजारों छात्र स्कूल आते-जाते हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के ब्लॉक प्रमुख, विधायक, जिला पंचायत प्रतिनिधि और ग्राम प्रधान सभी भाजपा से जुड़े हैं। इसके बावजूद सड़क की समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों का इसी मार्ग से आना-जाना भी होता है, लेकिन सड़क की स्थिति में अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है।
सड़क पर लगातार जलभराव और बढ़ते गड्ढों को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
मामले को लेकर मिल्कीपुर के विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि सड़क की समस्या उनके संज्ञान में है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विधानसभा सत्र चल रहा है। सत्र समाप्त होने के बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे और आवागमन सुचारु कराने की व्यवस्था कराएंगे।
वहीं, अमानीगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह ने कहा कि वह अगले दिन सड़क का निरीक्षण करेंगे और समस्या के समाधान तथा सड़क को ठीक कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी।
उधर, लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर प्रशांत मणि तिवारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला। ऐसे में अब स्थानीय लोगों की नजर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग की कार्रवाई पर टिकी है कि सड़क पर जलभराव और गड्ढों की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।
