Pulse 24×7 की खबर का असर: खबर चलने के बाद जागा प्रशासन, नाला खुदवाकर जलभराव मुक्त कराई सड़क

Spread the love

Pulse 24×7 की खबर का असर: खबर चलने के बाद जागा प्रशासन, नाला खुदवाकर जलभराव मुक्त कराई सड़क

अयोध्या। अमानीगंज विकास खंड क्षेत्र के रामनगर-अमावा सूफी बाजार में एक माह से सड़क पर बने जलभराव की समस्या को लेकर प्रकाशित Pulse 24×7 की खबर का असर देखने को मिला है। खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और अब पीडब्ल्यूडी व विकास खंड की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने नाला खोदकर सड़क पर जमा पानी की निकासी कराई, जिससे सड़क को जलभराव से मुक्त कराया गया।

बताया गया कि रामनगर-अमावा सूफी बाजार की सड़क पर करीब एक माह से जलभराव बना हुआ था। पानी भरे रहने के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए थे और आवागमन काफी मुश्किल हो गया था। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ हजारों छात्र स्कूल आते-जाते हैं। जलभराव और गड्ढों के कारण दर्जनों स्थानीय लोग व कई छात्र चोटिल भी हो चुके थे।

इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा था। लोगों का कहना था कि सड़क से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आवागमन होता है, इसके बावजूद लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

मामले को लेकर स्थानीय विधायक चंद्रभानु पासवान ने पहले कहा था कि समस्या उनके संज्ञान में है और सदन की कार्यवाही समाप्त होने के बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचकर आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे। वहीं, अमानीगंज ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पवन सिंह ने भी सड़क का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने की बात कही थी।

खबर प्रकाशित होने के बाद पीडब्ल्यूडी और विकास खंड की टीम सक्रिय हुई। पीडब्ल्यूडी के जेई प्रशांत मणि त्रिपाठी तथा खंड विकास अधिकारी अमानीगंज की मौजूदगी में जेसीबी से नाला खोदकर सड़क पर जमा पानी को बाहर निकाला गया। जलनिकासी होने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि केवल पानी की निकासी पर्याप्त नहीं है। जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़क और गड्ढों की जल्द मरम्मत भी कराई जानी चाहिए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति न बने और छात्रों व राहगीरों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।


Spread the love

Related posts