
Sapa Protest: सपा नेता बोले – 2027 के चुनाव में दलित समाज भाजपा को दिखाएगा आईना, बनेगी सपा की सरकार
अयोध्या। संसद परिसर में कांग्रेस सांसद पप्पू यादव द्वारा भगवा पहनकर किया गया प्रदर्शन अब तूल पकड़ता जा रहा है। संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के खिलाफ अयोध्या में सपा सांसद अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते चप्पल चलाए जाने के विरोध में सोमवार को सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सपा सांसद को अपमानित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद के पुत्र अजीत प्रसाद ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की ओर से भी सनातन का अपमान किया गया लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अजीत प्रसाद ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ आगमन के दौर हनुमानजी का प्रतीकात्मक नृत्य कराया गया था और अनुराग ठाकुर के भगवा वस्त्र पहनकर मांसाहार करने पर सनातन का अपमान नहीं हुआ।
अजीत प्रसाद ने दावा किया कि अवधेश प्रसाद के पोस्टर पर जूते – चप्पल इसलिए चलते गए क्योंकि वह दलित समाज से आते हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सपा सांसद को अपमानित किया गया है, उसे सपा कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनता सब देख रही है, आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपना निर्णय देगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में दलित समाज भाजपा को झटका देगा।
