
Medical College News : जांच पड़ताल में जुटी पुलिस, सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी हुई सक्रिय
अयोध्या। संदिग्ध आतंकी संगठनों से जुड़े डाक्टरों (Doctors) का मामला अभी शांत भी नहीं हो पाया है कि जिले के मेडिकल कालेज में भी एक चौंकाऊं मामला सामने आया है। राजर्षि दशरथ मेडिकल कालेज ( rajarshi dashrath medical college) के एक पैरामेडिकल छात्र (paramedical student) के पास से पर्ची बरामद होने की बात सामने आई है। जिनमें बम निर्माण और इसके बारे में जानकारी लिखी होने की बात चर्चा में है। मामले की खबर पर अयोध्या कोतवाली पुलिस ने संदिग्ध छात्र को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मामला चर्चा में आने के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक देवीपाटन मंडल के बलरामपुर जनपद का मूल निवासी एक मुस्लिम युवक वर्तमान में राजर्षि दशरथ स्वायत्तशासी मेडिकल कालेज में पैरामेडिकल एक्सरे टेकनीशियन का छात्र है। पैरामेडिकल प्रथम वर्ष के इस छात्र की रात अयोध्या कोतवाली के दर्शन नगर मेडिकल कालेज परिसर स्थित एक्सरे लैब में ड्यूटी थी। साथी छात्रों ने उसके पास एक संदिग्ध पर्ची देख मामले की सूचना मेडिकल कालेज प्रशासन को दी तो कालेज प्रशासन ने मामले की जांच पड़ताल शुरू की। चर्चा है कि संदिग्ध पर्ची के बारे में छात्र से पूछताछ के बाद उसके दराज की तलाशी ली गई तो दराज में कुछ अन्य पर्चियां भी मिलीं। चर्चा है कि इसमें केमिकल से बम बनाने की विधि और उनकी तीव्रता समेत अन्य का ब्यौरा लिखा हुआ मिला है। मामला संगीन होने के कारण मेडिकल कालेज प्रशासन की ओर में प्रकरण की जानकारी पुलिस को दो गई तो अयोध्या कोतवाली की दर्शन नगर चौकी पुलिस और कोतवाल मेडिकल कालेज पहुंचे और संबंधित छात्र को पूछताछ और जांच पड़ताल के लिए अपने साथ ले आए। मामले की खबर पर सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं और संदिग्ध छात्र से पूछताछ के लिए रवाना हुई हैं।
भगत सिंह संबंधी मूवी देख बनाया था स्केच,लिखी थी कुछ बात
प्रकरण में अभी मेडिकल कालेज प्रशासन और पुलिस कुछ भी बोलने से इनकार कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक रात में ड्यूटी के दौरान बलरामपुर जनपद निवासी पैरामेडिकल का छात्र अपने मोबाइल पर शहीद भगत सिंह की जीवनी से संबंधित एक फिल्म देख रहा था। फिल्म में शहीद भगत सिंह की ओर से बम बनाए जाने के तौर तरीके का फिल्मांकन किया गया है। पैरामेडिकल छात्र इसी घटनाक्रम से मिले जानकारी और डायग्राम को एक कागज पर दर्ज कर रहा था। जिसकी साथी छात्र ने मेडिकल कालेज प्रशासन से शिकायत कर दी । फिलहाल मामले की सच्चाई को सामने लाने और इसके तह तक पहुंचने के लिए पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है।
