
common wealth games : दो दिनों तक चली स्पर्धा में तेजस्विन शंकर ने हासिल किए कुल 7,976 अंक
ग्लासगो। कॉमनवेल्थ गेम्स ( common wealth games ) की पुरुष डेकाथलॉन ( decathlon ) स्पर्धा में कांस्य पदक (bronze medal) हासिल करने वाले 27 वर्षीय तेजस्विन शंकर ने इतिहास रच दिया। राष्ट्रमंडल खेलों में ऐसा कारनामा करने वाले वह पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। दो दिनों तक चली इस स्पर्धा में तेजस्विन शंकर ने कुल 7,976 अंक हासिल किए।
डेकाथलॉन का स्वर्ण पदक ( gold medal ) ग्रेनाडा के लिंडन विक्टर ने 8,096 अंक पाकर अपने नाम किया जबकि कनाडा के स्टार एथलीट डेमियन वार्नर 8,036 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे और उन्हें सिल्वर मेडल ( silver medal )से संतोष करना पड़ा। इसी के साथ 7,976 अंक प्राप्त कर तेजस्विन को तीसरा स्थान मिला और उन्हें कांस्य पदक मिला। बता दें कि इससे पहले तेजस्विन ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की हाई जंप स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने 10 अलग-अलग स्पर्धाओं में प्रदर्शन करते हुए डेकाथलॉन का पदक हासिल किया।
तेजस्विन के डेकाथलॉन अभियान की शुरुआत 100 मीटर दौड़ से हुई। उन्होंने यह रेस 10.96 सेकंड में पूरी की और 870 अंक हासिल किए। इसके बाद लॉन्ग जंप में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। तेजस्विन ने 7.82 मीटर की छलांग लगाई। इस प्रयास से उन्हें 1,015 अंक मिले। हाई जंप में उन्होंने 2.15 मीटर की ऊंचाई पार की और 944 अंक हासिल किए। पहले दिन की समाप्ति तक उनके खाते में 4,339 अंक थे। हालांकि शीर्ष पर मौजूद कनाडा के डेमियन वार्नर से वह सिर्फ 14 अंक पीछे थे। इसी के साथ तेजस्विन अंक तालिका में दूसरे पायदान पर थे। थकान के बाद भी उन्होंने दूसरे दिन भी बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने 110 मीटर हर्डल्स रेस को 14.41 सेकंड में पूरा कर 922 अंक हासिल किए। डिस्कस थ्रो में उन्होंने 674 अंक हासिल किए। वहीं पोल वॉल्ट में तेजस्विन ने 4.30 मीटर की छलांग लगाई और 702 अंक जुटाए। इसके बाद जैवलिन थ्रो में उन्होंने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 53.12 मीटर का थ्रो किया। इसमें उन्हें 635 अंक हासिल हुए। डेकाथलॉन ( decathlon ) के निर्णायक स्पर्धा 1500 मीटर रेस 4 मिनट 36.19 सेकंड में पूरी की और इसके लिए 704 अंक जुटाये। इन्हीं अंकों के साथ उनका टोटल स्कोर 7,976 पहुंच गया और उन्होंने कांस्य पदक पक्का कर लिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी ने तेजस्विन शंकर को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय खिलाड़ी लगातार इतिहास रच रहे हैं और देश का मान बढ़ा रहे हैं! तेजस्विन शंकर ने ग्लासगो CWG में पुरुषों के डेकाथलॉन (decathlon) इवेंट में ब्रॉन्ज़ मेडल जीता है। उन्होंने 10 इवेंट्स में शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन किया। उन्हें बधाई। वे ऐसे ही कामयाबी हासिल करते रहें। मेरी शुभकामनाएं।
