
Crime News: मामला ट्रैक्टर लूट की कोशिश में चाकू से हमले का
अयोध्या। रुदौली कोतवाली के रौजागांव क्षेत्र में बुधवार की रात्रि ट्रैक्टर लूट की कोशिश में चाकू से हमले का मामला अभी उलझा हुआ है। पुलिस ने अस्पताल पहुंच घायल युवक का बयान दर्ज किया है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी ली है तथा क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज की छानबीन की है। अभी तक की पड़ताल में पीड़ित का बयान विरोधाभासी साबित होता नजर आ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के भेलसर निवासी युवक अदनान पुत्र मुजफ्फुरुल हक ने आरोप लगाया था कि रौजागांव क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने जाते समय कुछ लोगों ने उससे ट्रैक्टर छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर चाकू से वारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की खबर के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई थी। घायल अदनान का उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली में भर्ती कराया गया था।
भेलसर चौकी प्रभारी ने अस्पताल पहुंच पीड़ित का बयान दर्ज किया था। जिसके बाद उसको हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल अदनान ने पुलिस को बताया कि वह मिट्टी खनन का काम करता है। वर्तमान में रौजागांव क्षेत्र में खनन चल रहा है। रात में वह ट्रैक्टर में डीजल भरवाने के लिए रौजागांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चीनी मिल के पास कुछ लोगों ने उसका ट्रैक्टर छीनने का प्रयास किया। प्रयास सफल न होने पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य का कहना है कि मामले की सूचना के बाद उन्होंने भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह के साथ मौका मुआयना किया था। जिस स्थान की घटना बताई जा रही है,वहीं पास में एक होटल है। पूछताछ में होटल संचालक का कहना है कि घटना के बाद अदनान वहां मोटरसाइकिल से अकेले पहुंचा था और खुद को चोट लगने की बात बताई थी। बाजू के नीचे हाथ में कटे का गंभीर घाव देख उसने घाव पर गमछा बांधा।
होटल संचालक का कहना है कि आसपास कोई ट्रैक्टर नहीं दिखा। टैक्टर के संबंध में जांच पर यह बात सामने आई है कि उसको दफियापुर निवासी देवीदीन चौहान चलाता है। पूछताछ में उसने अपने घर पर होने और रौजागांव की तरफ जाने से इंकार किया है। उनका कहना है कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच पड़ताल कराई जा रही है। विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
