
Crime News: शिनाख्त और कार्रवाई में जुटी पुलिस
अयोध्या। धार्मिक नगरी अयोध्या के लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे गुरुवार को शव मिलने से हलचल मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल और अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कराई है। एक शव अधेड़ पुरुष का है, जबकि दूसरा युवती का। युवती के सिर और पैर में चोट के निशान मिले हैं। जबकि अधेड़ का शव सड़ा हुआ है।
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि लखनऊ हाईवे किनारे गड्ढे में एक शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक लगभग 57 वर्षीय शख्स का शव मिला। शव काफी सड़ गल गया था, जिसके कारण आशंका जताई जा रही है कि यह लगभग दो दिन पुराना होगा। मौके से मृतक के पहचान से संबंधित कोई कागजात नहीं मिला है और उसके शरीर पर मैले कुचैले वस्त्र मिले हैं।
वहीं हाईवे किनारे ही गड्ढे में एक युवती का शव मिला है। मृतका की उम्र लगभग 26 वर्ष आंकी गई है और उसके सिर तथा पैर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है या तो युवती हाईवे पर सड़क हादसे का शिकार हो गई अथवा वारदात के बाद उसको हाईवे किनारे सुनसान में फेंक दिया गया।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी की फुटेज को खंगाल और दोनों के बारे में क्षेत्रीय लोगों से जानकारी जुटी इनकी पहचान के प्रयास में जुटी है। मौत के कारण की जानकारी के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है और शिनाख्त के लिए गश्ती जारी की है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि अधेड़ के शव पर कोई जाहिरा चोट नहीं मिला है जबकि युवती के सिर और पैर में चोट के निशान मिले हैं। अभी दोनों की पहचान नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा शिनाख्त के प्रयास कराए जा रहे हैं।
