ग्राम पंचायत गबन मामला: बारा ग्राम पंचायत में बिना कार्य कराए भुगतान का आरोप, बीडीओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई
तारुन, अयोध्या। विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बारा में ग्राम पंचायत निधि के धन का गबन करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की है। उक्त गांव निवासी शिकायतकर्ता शिवपूजन यादव दिए गए शपथ पत्र में आरोप लगाया है कि वर्ष 2025-26 के दौरान ग्राम पंचायत निधि से विभिन्न मदों जैसे सामग्री आपूर्ति, हृयूम पाइप, हैंडपंप मरम्मत, केयरटेकर मद में कुल भुगतान 321965 रुपए किया गया।
लेकिन कोई काम धरातल पर नहीं हुआ। उन्होंने इस पूरे मामले में ग्राम विकास अधिकारी श्रेया पांडेय, प्रधान अंजू देवी तथा पूर्व प्रधान महेश कुमार मिश्रा की मिली भगत से हुए इन भुगतानों को सरकारी धन का दुरुपयोग बताया है।
शिकायतकर्ता ने मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करा कर दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।
