
साइबर ठगी: अपराधियों ने निवेश के नाम पर की थी 10.18 लाख की ठगी
अयोध्या। साइबर ठगी का शिकार हुए पीड़ितों को अब पुलिस की ओर से बड़ी राहत मिल रही है। पुलिस ने पीड़ित के साथ हुई ठगी की रकम को वापस कराने में सफलता हासिल की है।
जनपद की साइबर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी का शिकार हुए व्यक्ति के 10,18,873.73 रुपए वापस कराए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण)/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के नेतृत्व में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मु.अ.सं. 14/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 319(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। इसी मामले में त्वरित कार्रवाई करत हुए साइबर थाना पुलिस ने पीड़ित को ठगी के पैसे वापस कराए हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया था कि साइबर अपराधियों ने निवेश (इनवेस्टमेंट) के नाम पर उनके खाते से 10,18,873.73 रुपये की धोखाधड़ी कर ली थी। मामले में साइबर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों और बैंकों से समन्वय स्थापित किया तथा पूरी धनराशि पीड़ित को वापस करा दी।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अरशद, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल राजकुमार गौंड, कांस्टेबल अतुल कुमार यादव तथा कांस्टेबल सोहनलाल शामिल रहे।
रहे सतर्क, तुरंत दे पुलिस को सूचना
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान कॉल, मैसेज, लिंक या निवेश के आकर्षक प्रस्तावों के झांसे में न आएं। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

