
अयोध्या। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) अयोध्या की टीम ने बुधवार को रुदौली तहसील परिसर स्थित आवास से घूस लेते हुए रंगे हाथ एक लेखपाल को गिरफ्तार किया है। मौके की नजाकत को देखते हुए पकड़े गए लेखपाल को लेकर पड़ोसी थाना क्षेत्र गई है। इस कार्रवाई की खबर से तहसील परिसर से लेकर जिले भर में हलचल रही। प्रकरण में लेखपाल के खिलाफ भ्रष्टाचार की रिपोर्ट पंजीकृत कराई गई है।
रुदौली तहसील क्षेत्र के सिठौली गांव निवासी देवी प्रसाद लोध पुत्र राम सुरेश का तहसील में एक भूमि विवाद संबंधी कार्य था। शिकायत कर्ता का आरोप है कि हल्का लेखपाल दीप चंद्र यादव की ओर से पैमाईश के लिए मोटी रकम की डिमांड की गई।
उन्होंने कुछ रकम का भुगतान भी किया लेकिन लेखपाल ने काम नहीं किया और वह तहसील से लेकर लेखपाल का चक्कर काटते रहे। मजबूर होकर उन्होंने मामले की शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) अयोध्या को दी।
इसी शिकायत पर टीम ने आरोप की जांच कराई और सत्यापन के बाद जाल बिछाया। एंटी करप्शन की टीम ने उनको केमिकल लगा पांच हजार रुपए देकर लेखपाल को देने के लिए भेजा।
उन्होंने लेखपाल को रकम लेने के लिए फोन किया तो लेखपाल ने तहसील परिसर स्थित सरकारी आवास बुलाया। बुधवार को दोपहर आवास में सुविधा शुल्क देते समय पहले से मौके पर घेराबंदी का मुस्तैद एंटी करप्शन की टीम ने लेखपाल को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फॉरेसिंक जांच के तहत लेखपाल का हाथ धुलवाया गया और नमूना संकलित किया गया है। इसके बाद पीड़ित और आरोपी लेखपाल को लेकर टीम रौनाही थाना क्षेत्र के सुचितागंज पुलिस चौकी लाई और अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी कराई
एंटी करप्शन के निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि लेखपाल दीप चंद्र यादव को पांच हजार रुपए सुविधा शुल्क लेते पकड़ा गया है। भ्रष्टाचार की रिपोर्ट दर्ज करवा आरोपी लेखपाल का चालान किया जा रहा है।
