
- कड़ी निगरानी में 39 केंद्रों पर दो पालियों में सकुशल संपन्न हुई प्रवेश परीक्षा
- परीक्षा को लेकर 78 पर्यवेक्षकों के अलावा 39 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट व केन्द्र प्रतिनिधि की रही तैनाती
अयोध्या। जिले में 39 केंद्रों पर रविवार को दो पालियों में आयोजित हुई उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा अवध विश्वविद्यालय और जिला प्रशासन की कड़ी निगरानी में सकुशल संपन्न हुई। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी की ओर से आयोजित हुई इस परीक्षा में कुल 17891 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1940 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसमें परीक्षार्थियों की उपस्थिति 89.16 प्रतिशत रही।
विवि बीएड नोडल समन्वयक प्रो. फर्रूख जमाल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा सम्पन्न कराई गई। प्रथम पाली प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा 2 बजे से सायं 05 बजे तक सम्पन्न हुई। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए अयोध्या जनपद में 39 केन्द्र बनाये गए, जिनमें विश्वविद्यालय परिसर में छह व अन्य कालेजों को केन्द्र बनाये गए। इन केन्द्रों की दो पालियों में 17891 परीक्षार्थियों के सापेक्ष 1940 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। पारदर्शीपूर्ण परीक्षा सम्पन्न कराने के लिए जनपद में 78 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई। इसके अतिरिक्त 39 स्टैटिक मजिस्ट्रेट व 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट व केन्द्र प्रतिनिधि तैनात रहे। जनपद के दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं शुचिता के साथ सम्पन्न हुई।
कंट्रोल रूम से कराई गई परीक्षा केंद्रों की लाइव रिकॉर्डिंग
बीएड नोडल अधिकारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा को पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनपद के 39 केन्द्रों पर दोनों पालियों में परीक्षार्थियों का प्रवेश बायोमेट्रिक आनलाइन डाटा बेस से वेरिफाई के उपरांत व तलाशी कर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया। इसके अतिरिक्त केन्द्रों की लाइव रिकार्डिंग भी कंट्रोल रूम से कराई गई। सभी केन्द्रों पर पर्यवेक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।
कुलपति डॉ. बिजेन्द्र सिंह ने निरीक्षण के परीक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. बिजेन्द्र सिंह ने प्रथम पाली में परिसर के विभिन्न केन्द्रों को औचक निरीक्षण किया। सर्वप्रथम आईईटी, नवीन परिसर के चार केन्द्रों का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं मुख्य परिसर के रमन भवन और दीक्षा-प्रचेता भवन का भी निरीक्षण किया। दूसरी ओर कुलसचिव व अवध विवि के बीएड नोडल अधिकारी विनय कुमार सिंह ने नोडल समन्वयक प्रो. फर्रूख जमाल, जनपद समन्वयक प्रो. गंगा राम मिश्र, केन्द्र प्रतिनिधि डाॅ. कमलेश ने जनपद के कॉलेजों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं जिला प्रशासन के आलाधिकारियों द्वारा भी कई केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
