कैसे निकाले काट, दर्द रहे बांट: यहां नेटवर्क, बिजली और पानी की जगह हो रहा अलग ही इस्तेमाल
मान-मनौवल जिला और पुलिस प्रशासन के छूट रहे हैं पसीने
गोंडा। इस समय जनपद की पानी की टंकी और टावर जिला प्रशासन और पुलिस के लिए संकट का सबब बन गए है, क्योंकि जिला व पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाखुश पीड़ित पर न्याय पाने के लिए खुद का रास्ता अख्तियार कर रहे हैं, जो पीड़ितों के लिए तो जोखिम भरा है ही साथ अधिकारीयों के लिए भी सिरदर्द बन गया है। दरअसल, गोंडा जनपद में इन दिनों कुछ ऐसा नजारा देखने को मिल रहा है। जो अधिकारियों के लिए चिंता का विषय बन गया है। अभी कुछ दिन पूर्व ही जिले में दो अलग-अलग जगहों पर पानी की टंकी और टावर पर चढ़ने मामला पुराना भी नहीं हुआ था कि बुधवार को फिर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। जिसमें FIR न दर्ज होने से नाराज युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।
पहली घटना: मुकदमा न लिखे जाने से व्यथित हो मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने सकुशल उतारा नीचे

मुकदमा न लिखने से आहत एक युवक बुधवार को पास के गांव में लगे मोबाइल के टावर चढ़ गया और कार्रवाई की मांग करने लगा। सूचना पर पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई का देकर कड़ी मशक्कत के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया।
बताया जा रहा है कि जिले के परसपुर थाना क्षेत्र के बहुवन मदार माझा गांव निवासी राहुल मुकदमा न लिखे जाने से नाराज था। इसी नाराजगी के चलते वह बुधवार को त्यौरासी गांव में लगे मोबाइल के टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद वह कार्रवाई की मांग करने लगा।
मामले की सूचना मिलते ही सीओ करनैलगंज अभिषेक द्वैयच्चा और परसपुर थाना प्रभारी कमल शंकर चतुर्वेद दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए और युवक को नीचे उतारने की कवायद में जुट गए। घंटों चली कड़ी मशक्कत और आश्वासन के बाद पुलिस राहुल को नीचे उतारने में सफल रही।
टावर पर चढ़े युवक राहुल का आरोप है कि बीते दिनों उसका घर किसी के द्वारा जला दिया गया था, मामले को लेकर उसने स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी लेकिन पुलिस की ओर से मुकदमा न लिखे जाने से वह नाराज था।
दूसरी घटना: न्याय न मिलने से नाराज भाई संग पानी की टंकी पर चढ़ा था अधिवक्ता, प्रशासन के आश्वासन के बाद उतरे नीचे

पिता की हत्या के मामले में पुलिस की ओर संतोषजनक कार्रवाई न होने से नाराज अधिवक्ता संजय दुबे बीते सोमवार को अपने भाई संग कमिश्नर ऑफिस के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। सूचना पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें नीचे उतारने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। काफी देर तक चले इस मान मनौव्वल के घटनाक्रम के बाद आखिरकार दोनों भाइयों को पानी की टंकी से सकुशल नीचे उतारने में सफलता मिली थी। दोनों पीड़ित भाइयों का आरोप था कि हत्या के आठ महीने बाद भी मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
तीसरी घटना: छह साल के मासूम के साथ बिजली के टावर पर चढ़ी थी महिला, प्रशासनिक कार्यवाही से नाखुश थी महिला

प्रशासनिक कार्यवाही से नाखुश महिला ने खौफनाक कदम उठाते हुए 6 साल के मासूम को लेकर बिजली टावर पर चढ़ गई थी। कलेक्ट्रेट के पास मंडे नाला स्थित बिजली टावर पर मासूम बच्चे के साथ महिला के चढ़ने की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुचे सिटी मजिस्ट्रेट के साथ सीओ सिटी ने मान मुन्नौव्वल कर महिला को सकुशल उतारने मे सफलता मिली थी। प्रशासन के मान मनौव्वल और आश्वासन के बाद जब महिला सकुशल नीचे उतरी तब जाकर लोगों व प्रशासन ने राहत की सांस ली थी।
