संंविदा कर्मियों ने किया प्रदर्शन, शीघ्र वेतन भुगतान नहीं हुआ तो तेज होगा आंदोलन..!

Spread the love

अयोध्या। District Hospital में कार्यरत संविदा कर्मचारियों और चिकित्सकों ने तीन माह से वेतन न मिलने के विरोध में गुरुवार को इमरजेंसी वार्ड के सामने प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने Health Department और शासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द बकाया वेतन भुगतान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लगातार वेतन न मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है और परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

संविदा कर्मचारियों का कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद पिछले तीन महीनों से वेतन का भुगतान नहीं किया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय जिम्मेदारों को पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों और चिकित्सकों ने बताया कि वेतन न मिलने के कारण बच्चों की पढ़ाई, घर का किराया, दवा और रोजमर्रा के खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि आर्थिक तंगी के चलते कई कर्मचारी कर्ज लेने को मजबूर हो गए हैं। कर्मचारियों ने सरकार और Health Department से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

संविदा कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कार्य बहिष्कार और बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन भी किया जा सकता है। कर्मचारियों के प्रदर्शन से अस्पताल परिसर में कुछ देर तक हलचल का माहौल बना रहा।

प्रदर्शन में डॉक्टर पल्लवी श्रीवास्तव, डॉक्टर वीरेंद्र वर्मा, डॉक्टर आशुतोष प्रताप सिंह, डॉक्टर आशीष पाठक समेत अन्य पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।


Spread the love

Related posts