Ayodhya News: जन चौपाल में गूंजी गैस और बिजली संकट की समस्या, विधायक ने दिए निर्देश

Spread the love

बीकापुर, अयोध्या। विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने बुधवार को विकासखंड सभागार में जनता दरबार एवं जन चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण, खासकर महिलाएं, जन चौपाल में पहुंचीं। कार्यक्रम के दौरान रसोई गैस की किल्लत और बदहाल बिजली आपूर्ति का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि गैस बुकिंग कराने के बावजूद 10 से 15 दिन तक सिलेंडर नहीं मिल पाता है। लोगों को बार-बार भारत गैस एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं, तब जाकर बड़ी मुश्किल से गैस उपलब्ध हो पाती है। इस पर विधायक ने नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश मिश्रा को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और कहा कि दोबारा ऐसी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।

बिजली व्यवस्था को लेकर भी ग्रामीणों ने भारी नाराजगी जाहिर की। विधायक ने मौके पर मौजूद एसडीओ और अधिशासी अभियंता को बिजली आपूर्ति में सुधार करने और कटौती कम करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश पांडे राना सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ राजस्व लेखपाल वर्षों से एक ही क्षेत्र में तैनात हैं और मनमाने तरीके से कार्य कर रहे हैं। इस पर विधायक ने एसडीएम श्रेया को लंबे समय से जमे लेखपालों का स्थानांतरण करने को कहा। विधायक के निर्देश के बाद तहसील क्षेत्र के करीब आधा दर्जन लेखपालों के कार्यक्षेत्र में तत्काल बदलाव किया गया।

जन चौपाल में पेंशन, राजस्व और राशन से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। विधायक ने समाज कल्याण अधिकारी उषा शर्मा सहित संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार हावी था, लेकिन अब पारदर्शिता के साथ विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी वर्गों तक पहुंचाया जा रहा है और गांवों को सड़कों से जोड़ने का कार्य तेजी से किया गया है।

जन चौपाल में प्रभारी खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख दिनेश वर्मा, सहायक विकास अधिकारी बद्री पांडे, एडीओ पंचायत अवधेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, भाजपा कार्यकर्ता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts