
अयोध्या। Airports Authority of India की महिला कर्मचारियों एवं कर्मचारियों की पत्नियों के संगठन कल्याणमयी – एयरपोर्ट्स अथॉरिटी विमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन (AAWWA) तथा Heartfulness के संयुक्त तत्वावधान में Maharishi Valmiki International Airport Ayodhya Dham में तीन दिवसीय “तनाव प्रबंधन एवं ध्यान कार्यशाला” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हवाई अड्डे के कर्मचारियों एवं अन्य हितधारकों के बीच मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन एवं तनावमुक्त जीवन शैली को बढ़ावा देना रहा।
कल्याणमयी द्वारा वर्षों से देशभर के विभिन्न हवाई अड्डों एवं संस्थानों में स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तनाव प्रबंधन कार्यशालाएँ एवं सामुदायिक सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इसी क्रम में अयोध्या हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य एवं पोषण सत्र, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, महिला यात्रियों के साथ संवाद कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
वहीं हार्टफुलनेस संस्था ध्यान एवं माइंडफुलनेस के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए विश्वभर में कार्य कर रही है। संस्था की उपस्थिति 160 से अधिक देशों में है और इसके प्रशिक्षित स्वयंसेवक ध्यान एवं विश्राम सत्रों के माध्यम से लोगों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच एवं भावनात्मक संतुलन विकसित करने के लिए प्रेरित करते हैं।
तीन दिवसीय कार्यशाला में निर्देशित ध्यान सत्र, व्यावहारिक तनाव प्रबंधन तकनीकें, विश्राम अभ्यास एवं संवादात्मक चर्चाओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन हार्टफुलनेस के अनुभवी प्रशिक्षक सी. पी. त्रिपाठी द्वारा किया गया। इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक धीरेंद्र सिंह, कल्याणमयी अयोध्या की अध्यक्षा नम्रता सिंह, हार्टफुलनेस सदस्य धीरेंद्र श्रीवास्तव, रेनू श्रीवास्तव एवं राधा बाजपेयी आदि उपस्थित रहे।
इसके अलावा कल्याणमयी सदस्य सुषमा सिंह, कमलपारू, प्रीति सिंह एवं नम्रता दुबे सहित एयरलाइंस, “May I help You”, Housekeeping, एवं अन्य हितधारक संस्थाओं की महिला कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
यह पहल मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, समग्र कल्याण एवं सौहार्दपूर्ण कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में कल्याणमयी अयोध्या एवं हार्टफुलनेस की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

