पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर की विस्तृत चर्चा…..
अयोध्या।अखिल भारतीय प्रधान संगठन का प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में नवागत जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया। साथ ही जिले की ग्राम पंचायतों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों पर विस्तृत वार्ता की।
प्रधान संगठन की ओर से जिलाधिकारी जानकारी दी गई कि पंचायत चुनाव समय से कराए जाएं, अन्यथा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाया जाए अथवा पूर्व की भांति प्रधानों को ही प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी दी जाए। इसी मांग को लेकर 18 मई को जिले के सभी प्रधान जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपेंगे।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायतों में स्थित तालाब, पोखरा आदि की नीलामी से प्राप्त धनराशि, जो कई वर्षों से तहसील एवं जनपद स्तर पर समेकित गांव कोष में जमा है, उसका 75 प्रतिशत भाग संबंधित ग्राम निधि खातों में हस्तांतरित किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। संगठन ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी स्तर से आदेश जारी होने के बावजूद अभी तक धनराशि ग्राम पंचायतों के खातों में नहीं पहुंची है। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन कार्यों के कारण खोदी गई गांवों की सड़कों एवं नालियों की मरम्मत अब तक न होने से ग्रामीणों को हो रही भारी समस्याओं के विषय में भी अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।


