नहाने गईं दो सगी बहनों की तालाब में डूबने से मौत…

Spread the love

अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र के डूंडी अमानीगंज गांव में शुक्रवार को तालाब में नहाने गईं दो सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू कर दी है।

थाना क्षेत्र के डूंडी अमानीगंज गांव निवासी बब्लू रैदास की पुत्रियां नैनी (13 वर्ष) और सुनैनी (9 वर्ष) शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे गांव स्थित पांडे तारा तालाब में नहाने गई थीं। बताया जा रहा है कि नहाते समय दोनों बहनें अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। तालाब के आसपास मौजूद लोगों ने जब बच्चियों को डूबता देखा तो शोर मचाया और उन्हें बचाने के लिए तालाब में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चियों को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

घटना की सूचना पर खंडासा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

#


Spread the love

Related posts