
फोटो: महेंद्र गोंड
बड़ा हादसा: स्नान के दौरान सोहावल के ढेमवाघाट पर सरयू में डूबे कक्षा छह के दो छात्र,तलाश में जुटी एसडीआरएफ
अयोध्या। जनपद के रौनाही थाना क्षेत्र में शनिवार को स्नान के दौरान दो छात्र हादसे का शिकार हो गए। हादसा सोहावल के ढेमवाघाट पर हुआ। मामले की जानकारी के बाद क्षेत्रीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और सरयू में डूबे दोनों किशोर की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। वहीं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
रौनाही थाना क्षेत्र के गांव तरसवान का पुरवा संजयगंज निवासी शिवांश (10 वर्ष) पुत्र अर्जुन प्रजापति उर्फ पप्पू और इसी थाना क्षेत्र के सुचितागंज निवासी दिव्यांशु (उम्र 11 वर्ष) पुत्र ओमकार कसौधन शनिवार को स्नान के लिए सरयू में ढ़ेमवाघाट पर गए थे। पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों सरयू में स्नान कर रहे थे और इसी दौरान सरयू के गहरे पानी में चले जाने के कारण एक किशोर डूबने लगा। दूसरे ने उसको बचाने की कोशिश की तो वह भी गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा।
आसपास के लोग माजरा देख जब तक बचाव के लिए नदी में उतरते तब तक दोनों किशोर सरयू की धारा में लगभग नौ बजे लापता हो गए। मामले की खबर पर दोनों के परिवारिजन और शुभचिंतक तथा एसडीएम, सीओ सदर और इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने सरयू में लापता दोनों किशोरों की तलाश शुरू की।
हालांकि दोनों का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस प्रशासन की ओर से अयोध्या से एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुला दोनों किशोरों की तलाश में लगाया गया। परिजनों का कहना है कि शिवांश तथा दिव्यांशु आपस में दोस्त और कक्षा छह के छात्र हैं। थाना पुलिस की ओर से एसडीआरएफ टीम से दोनों की तलाश कराई जा रही है।

