
Dilasiganj Ghat Solar Light: सोलर लाइट से जगमगाया दिलासीगंज घाट का अंत्येष्टि स्थल, रात में मिलेगी बेहतर प्रकाश व्यवस्था
गोसाईगंज अयोध्या। नगर पंचायत गोसाईगंज द्वारा अंत्येष्टि स्थल विकास योजना के अंतर्गत दिलासीगंज घाट पर सोलर लाइट अधिष्ठापन का कार्य पूर्ण करा लिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल के नेतृत्व तथा विधायक अभय सिंह की प्रेरणा से कराए गए इस कार्य से घाट एवं आसपास के क्षेत्र में रात्रि के समय प्रकाश की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो गई है।
बताते चले कि दिलासीगंज घाट पर पूर्व में रात्रि के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। सोलर लाइट लगने के बाद अब रात में घाट तक आने-जाने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और अंतिम संस्कार के दौरान प्रकाश की समस्या भी काफी हद तक दूर होगी।
नगर पंचायत द्वारा स्थापित सोलर लाइटें सौर ऊर्जा से संचालित होंगी। इससे बिजली की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा तथा घाट पर नियमित प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ0 विजयलक्ष्मी जायसवाल ने कहा कि नगरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना नगर पंचायत की प्राथमिकता है। दिलासीगंज घाट पर प्रकाश व्यवस्था इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।सोलर लाइट की सुविधा शुरू होने से दिलासीगंज घाट एवं आसपास के क्षेत्रवासियों को रात्रि के समय विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।
