टावर पर चढ़ा युवक: जमीनी विवाद में लखनऊ के दारूलसफा टावर पर चढ़ा अयोध्या का युवक, पेट्रोल लेकर आत्मदाह की दी धमकी

Spread the love

टावर पर चढ़ा युवक: अयोध्या पुलिस की कार्रवाई से नाराज था युवक, मारपीट में दांत टूटने और सिर फटने का लगाया आरोप

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस-फायर टीम ने सुरक्षित उतारा

अयोध्या। जमीन संबंधी विवाद में जनपद पुलिस की एकतरफा कार्रवाई से नाराज एक युवक सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज स्थित दारूलसफा टावर पर दो बोतल पेट्रोल लेकर चढ़ गया। युवक ने कथित तौर पर आत्मदाह की धमकी देकर पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मचा दिया। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस के साथ फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चला युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

बताया गया कि अयोध्या जनपद के बाबा बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामपुर जनक गांव निवासी युवक ठाकुर अंकित सिंह का अपने पटीदारों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। युवक का आरोप है कि उसके बड़े पापा आर्थिक रूप से सक्षम हैं,जिसके कारण पुलिस उनका पक्ष ले रही है। उसकी दुकान पहुंच पटीदारों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके दांत टूट गए और सिर में गंभीर चोट आई। युवक का कहना है कि घटना के बाद उसने पुलिस से शिकायत की,लेकिन पुलिस ने उचित कार्रवाई नहीं की ।

पुलिस ने उल्टे दर्ज कर लिया मुकदमा

दारूलसफा टावर पर चढ़े युवक ने आरोप लगाया कि मारपीट में उसको चोटें आईं, लेकिन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई करने के बजाय उसके, उसके भाई और पिता के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया। ऐसे में उसके पास कोई और विकल्प नहीं बचा। सरकार और शासन को उसकी पीड़ा का अहसास हो इसके लिए मजबूर होकर लखनऊ पहुंचा और पेट्रोल डाल खुद की जान देने की धमकी देनी पड़ी। पूर्व में भी धमकी के बाद ही उसका मुकदमा दर्ज किया गया था। लेकिन जिन लोगों ने मारपीट की उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई।

दो बोतल पेट्रोल लेकर टावर पर चढ़ा

युवक के टावर पर चढ़ने और उसके पास पेट्रोल की बोतलें होने की सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फायर कर्मियों ने युवक से बातचीत शुरू की और उसे समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले प्रयास और मान मनौव्वल के बाद टीम ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

प्रकरण को समझने में जुटी पुलिस

युवक को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अयोध्या में उसके साथ वास्तव में क्या घटना हुई थी, किस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ और किन लोगों के खिलाफ उसने कार्रवाई की मांग की थी।

जानिए क्या है पूरा विवाद… 

मामला जमीनी विवाद और दो पक्षों के बीच मारपीट से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी वर्ष जून माह में रामपुर जनक में अंकुर सिंह के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। हमले में उसके सिर में चोट लगी, दांत टूट गया तथा पैर और कमर में भी चोटें आईं। उसको इलाज के लिए जिला अस्पतालमें भर्ती कराया गया था। तब अंकुर सिंह ने बताया था कि उसके बाबा ने अपनी जमीन उसके नाम वसीयत कर दी थी। इसी बात से बड़े पापा और उनका परिवार चिढ़ा हुआ है तथा रंजिश मान रहा है। जिसको लेकर आए दिन मारपीट और प्रताड़ना की जाती है। हालांकि जमीन संबंधी विवाद राजस्व न्यायालय में अंकुर सिंह बनाम जय सिंह, ग्राम रामपुर जनक चला था और इसी वर्ष 13 जनवरी को मामले में उसके पक्ष में आदेश हुआ था।


Spread the love

Related posts