कंदैला हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, पिस्टल और वरना कार बरामद

Spread the love

फोटो:महेंद्र गोंड

कंदैला हत्याकांड में तीन गिरफ्तार, पिस्टल और वरना कार बरामद

अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कंदैला गांव हत्याकांड में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 7.65 बोर की पिस्टल, मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, काले रंग की हुंडई वरना कार और मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि 25 अगस्त की शाम करीब छह बजे पूराकलंदर थाना क्षेत्र के ग्राम कंदैला में पुराने जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर रामलगन मौर्या और उनकी मां पार्वती मौर्या पर गोली और बम से हमला किया गया था। हमले में रामलगन मौर्या की मौत हो गई थी, जबकि उनकी मां पार्वती देवी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। पार्वती देवी का लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर में उपचार चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए लगाई गई प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार पांडेय और सर्विलांस सेल प्रभारी अमरेश त्रिपाठी की संयुक्त टीम ने कंदैला गांव निवासी राजमणि सिंह उर्फ राज सिंह उर्फ भोलू (26), दीपक प्रजापति (24) और मनीष शर्मा (24) को गिरफ्तार किया।

राजमणि सिंह पर पहले से कई मुकदमे

गिरफ्तार आरोपी राजमणि सिंह उर्फ राज सिंह उर्फ भोलू का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूराकलंदर, नगर कोतवाली सहित विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, शस्त्र अधिनियम, एससी-एसटी एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

मुख्य आरक्षी निलंबित, फर्जी आईडी पर ली थी कार,
हत्या और जानलेवा हमले के इस मामले में एसएसपी ने पूरा कलंदर थाने के मुख्य आरक्षी अशोक सिंह को निलंबित कर दिया है। वारदात प्री प्लांट साजिश के तहत अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। इसी के तहत 22 अगस्त को राज सिंह और मनीष शर्मा ने लखनऊ स्थित स्काई लाइन से काले रंग की हुंडई वरना कार फर्जी आईडी पर ली थी। कार लखनऊ में पंजीकृत है।


Spread the love

Related posts