
Crime News: तहसीन पुर टोल प्लाजा फायरिंग में दो आरोपी गिरफ्तार, बिना नंबर की थार बरामद
अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र के तहसीनपुर टोल प्लाजा के पास फायरिंग की घटना में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काली रंग की थार गाड़ी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की रात करीब 2:15 बजे तहसीनपुर टोल प्लाजा के पास काली थार सवार युवकों ने टोल बैरियर तोड़कर भागने का प्रयास किया। टोल कर्मियों से विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए एक व्यक्ति को जबरन थार में बैठाने का प्रयास किया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
घटना की सूचना पर रौनाही पुलिस मौके पर पहुंची और मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद के साथ मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नउवा कुआ रोड स्थित खिरौनी मोड़ से आदर्श सिंह और दीपेश तिवारी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मौके से तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। फरार आरोपियों में राजा सिंह उर्फ अखंड प्रताप सिंह, करन सिंह उर्फ शौर्य प्रताप सिंह और श्याम सिंह उर्फ स्वपनिल सिंह शामिल हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ रौनाही थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बरामद थार और मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
