बिजली समस्या: विद्युत व्यवस्था सुधारने को लेकर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Spread the love

फोटो: महेंद्र गोंड

बिजली समस्या: विद्युत व्यवस्था सुधारने को लेकर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ढीले तार और जर्जर खंभे तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

अयोध्या। विद्युत व्यवस्था में सुधार और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में सामने आ रही विद्युत संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। विधायक ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके तत्काल समाधान के निर्देश दिए। ढीले विद्युत तार और जर्जर खंभों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर तत्काल दुरुस्त कराने को कहा।

नहरबाग क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के लटकने की समस्या पर भी विधायक ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं मझवा गद्दोपुर में करीब 250 मीटर दूरी से विद्युत कनेक्शन दिए जाने की समस्या को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया।

विधायक ने आबादी वाले क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों को सुरक्षा की दृष्टि से जाली से कवर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि त्योहारी सीजन को देखते हुए शासन की मंशा के अनुरूप शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 20 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों से जनता के फोन उठाने और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।

विधायक ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए। बैठक में महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि पार्टी पदाधिकारियों के माध्यम से सामने आने वाली जनता की विद्युत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाना चाहिए।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता 11 केवी मनीष चौबे, अधीक्षण अभियंता विद्युत विनय कुमार, महानगर उपाध्यक्ष अरविंद सिंह, हरभजन गौड़, कपिल देव वर्मा, मीडिया प्रभारी अमित मिश्र समेत विद्युत विभाग के अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

Related posts