
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा: 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा शुरू, अयोध्या परिक्षेत्र की 390 बसों में मिलेगा लाभ
60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ शुरू, धार्मिक पर्यटन रूटों पर बढ़ेगी कनेक्टिविटी
अयोध्या। योगी सरकार ने 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू की है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत अयोध्या परिक्षेत्र में संचालित 390 बसों में बुजुर्ग महिलाओं को किराया नहीं देना होगा।

योजना का शुभारंभ बुधवार को अयोध्या सर्किट हाउस से विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर किया गया। पहले दिन 10 महिलाओं को जीरो बैलेंस का टिकट जारी कर निशुल्क यात्रा कराई गई। आरएम अयोध्या परिक्षेत्र काशी प्रसाद ने बताया कि योजना में अमेठी की 64, अंबेडकरनगर की 92, सुलतानपुर की 156 और अयोध्या की 157 बसें शामिल हैं। इन बसों के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर वरिष्ठ महिलाओं को निशुल्क आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लखनऊ से गोरखपुर तक धार्मिक पर्यटन रूटों पर भी कनेक्टिविटी मजबूत होगी।रामनगरी अयोध्या में बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं दर्शन-पूजन के लिए पहुंचती हैं। किराये की चिंता खत्म होने से उन्हें मंदिरों, घाटों और अन्य धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सहूलियत होगी। योजना से स्थानीय महिलाओं के साथ दूर-दराज से अयोध्या आने वाली वरिष्ठ श्रद्धालुओं को भी लाभ मिलेगा। सरकार की इस पहल को वरिष्ठ नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने वाला कदम माना जा रहा है।
आर्थिक बोझ होगा कम
अयोध्या निवासी उपासना सिंह व काजोल श्रीवास्तव ने योजना की सराहना करते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए यह बहुत अच्छी पहल है। अब बुजुर्ग महिलाएं बिना आर्थिक बोझ के घर से मंदिर तक आसानी से यात्रा कर सकेंगी। वहीं काजोल श्रीवास्तव ने कहा कि निशुल्क बस यात्रा से वरिष्ठ महिलाओं का सफर आसान होगा। यह सरकार की जनहितैषी सोच का प्रमाण है।
