
दर्दनाक सड़क हादसा: बोलेरो सवार 18 वर्षीय युवती की मौत, छह लोग गंभीर घायल
बीकापुर। सड़क दुर्घटना में बोलेरो सवार 18 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत हो गई तथा आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुखद हादसा मंगलवार की बीती रात करीब 12 बजे बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट के समीप अयोध्या प्रयागराज हाईवे पर हुआ।
बताया जाता है कि हैदरगंज थाना क्षेत्र के बैती कला निवासी एक ही परिवार के लोग अयोध्या शहर अपने रिश्तेदारी गए थे। वहां आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर रात मे बोलेरो वाहन से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वह खजुरहट बाजार के समीप पहुंचे तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
सड़क दुर्घटना में साधना 22 वर्ष, कोमल 21 वर्ष, भानुमति 60, वर्ष, पलक 10 वर्ष, रुद्र 8 वर्ष, आराध्या 25 वर्ष तथा सृष्टि जायसवाल 18 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए ।
मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया। जांच पड़ताल के बाद चिकित्सा अतुल मिश्रा ने सृष्टि जायसवाल को मृत घोषित कर दिया जबकि प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को गंभीर चोट होने के चलते मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया।
ग्राम प्रधान अनिल सिंह राजपूत ने बताया कि सभी लोग अयोध्या में अपने रिश्तेदारी में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे वहां से रात में घर वापस लौट रहे थे।
मृतका चार बहन और एक भाई में तीसरे नंबर पर थी। पिता चाय की दुकान चला कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल कमल तथा पालक की हालत चिंता जनक है। कोतवाल देवेंद्र पांडे ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना करने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।

