
UP Rain News: बारिश से जनहानि और आर्थिक नुकसान पर सीएम योगी सख्त, 24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फील्ड पर उतरकर स्थिति का जायजा लेने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान का तत्काल आकलन कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अधिकारियों से कहा गया कि प्रभावित परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
सीएम योगी ने जलभराव की स्थिति पर भी विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण कहीं भी जलभराव से आम लोगों को परेशानी न हो। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि आकाशीय बिजली के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने अतिवृष्टि के दौरान नदियों और जलाशयों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील भी की।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासनिक और राजस्व अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहकर राहत कार्यों की निगरानी करने और नुकसान का समयबद्ध आकलन करने को कहा गया है।
