Ayodhya News : सावन मेले को लेकर अलर्ट पर जीआरपी, स्टेशन व ट्रेनों में सघन चेकिंग

Spread the love

Ayodhya News : सावन महीने के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए किए गए सुरक्षा के पुख्त इंतजाम

अयोध्या। श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जीआरपी अयोध्या कैंट ने सुरक्षा इंतजाम को चौकस करने की कवायद शुरू कर दी है। इस बीच प्रदेश में आतंकी हमले की आशंका को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रविवार को जीआरपी की ओर से रेलवे स्टेशन तथा ट्रेनों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

राजकीय रेलवे पुलिस अयोध्या कैंट के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में जीआरपी में उपलब्ध पुलिस बल, प्रभारी बम निरोधक दस्ता उपनिरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह की टीम तथा खोजी डॉग स्क्वॉड के साथ जांच और तलाशी अभियान चलाया गया। टीम ने अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन के विभिन्न प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, टिकट घर, प्रतीक्षालय, प्रवेश द्वार और पार्किंग आदि के साथ आने-जाने वाली ट्रेनों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।

 

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने संदिग्ध व्यक्तियों एवं लावारिस सामान की गहन जांच के साथ तलाशी ली। साथ ही यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तत्काल सूचना रेलवे पुलिस को देने की अपील की।

जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रकाश सिंह ने बताया कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में जांच तलाशी अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


Spread the love

Related posts