जमीनी विवाद: पुलिस की मौजूदगी में शुरू हुआ दीवार निर्माण, एसडीएम ने रुकवाया काम

Spread the love

जमीनी विवाद: पुलिस की मौजूदगी में शुरू हुआ दीवार निर्माण, एसडीएम ने रुकवाया काम

गांव में तनाव, कानून व्यवस्था बनाए रखने को तैनात पुलिस

बीकापुर, अयोध्या। विकासखंड तारुन की ग्राम पंचायत दांदूपुर मजरे तिवारी का पूरा में जमीनी विवाद को लेकर मंगलवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। विवादित भूमि पर पुलिस की मौजूदगी में दीवार निर्माण शुरू करा दिया गया। सूचना पर एसडीएम के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया।

खतौनी को लेकर है विवाद

जानकारी के अनुसार गांव निवासी अभिषेक तिवारी और सीमा पत्नी राजकुमार तिवारी के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सीमा का कहना है कि विवादित भूमि उनके नाम खतौनी में दर्ज है। वहीं अभिषेक का आरोप है कि यह भूमि पहले जंगल-झाड़ी थी और गलत तरीके से नाम दर्ज कराया गया है। मामले की सुनवाई एसडीएम न्यायालय में चल रही है।

राजस्व टीम ने किया सीमांकन

सोमवार को नायब तहसीलदार रामखेलावन ने राजस्व टीम और स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर विवादित भूमि का सीमांकन कराया। इस दौरान दूसरे पक्ष ने आपत्ति जताई, लेकिन अधिकारियों ने खतौनी के आधार पर निशानदेही कर दी।

अभिषेक का आरोप है कि मंगलवार को जबरन पुलिस बल की निगरानी में विवादित स्थल पर दीवार का निर्माण शुरू करा दिया गया। इसको लेकर उन्होंने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर निर्माण रुकवाने की मांग की।

एसडीएम के आदेश पर रुका काम

चौकी इंचार्ज रामपुर भगन विकास ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एसडीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवा दिया है।


Spread the love

Related posts