
विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
अयोध्या। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन सृजन अभियान के तहत जनपद की सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार को गोसाईगंज विधानसभा के तारुन ब्लॉक में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता तारुन ब्लॉक अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी ने की।मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने कहा कि नए संगठनात्मक ढांचे के अनुसार प्रत्येक न्याय पंचायत पर एक मंडल और प्रत्येक ग्राम पंचायत में अध्यक्ष की नियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि वे बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों से जोड़ें। मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता का आधार बनेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य अशोक कुमार सिंह मनऊपुर और ब्लॉक अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी ने जिला अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि पार्टी के निर्देशों का पूर्व की तरह पूरी निष्ठा से पालन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही नई ब्लॉक कमेटी का गठन कर जिला कमेटी को भेज दिया जाएगा।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता शीतला पाठक ने बताया कि बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, रामदास वर्मा, प्रदीप निषाद, राजकुमार पांडेय, अनिल तिवारी, मनोज जायसवाल, शकील रहमानी, अमीरुल्ला खान, राज प्रताप सिंह, सुरेश राणा, उमाकांत गुप्त, घनश्याम बहादुर सिंह, राजेंद्र प्रकाश सिंह, रामकरन निषाद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

