
महिला चौपाल: राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और स्ट्रीट लाइट समेत कई मुद्दे उठे, आंगनबाड़ी केंद्र का भी किया निरीक्षण।
अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने सोमवार को अयोध्या के सर्किट हाउस में आयोजित महिला चौपाल में महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी समस्याओं से जुड़े मामलों को आयोग के समक्ष रखा।
महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही ने कहा कि आयोग का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित न्याय, सुरक्षा और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि महिलाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य महिला आयोग के पास सबसे अधिक शिकायतें घरेलू हिंसा से संबंधित प्राप्त होती हैं और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ शीघ्र कार्रवाई की जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हेल्थ डेस्क भी स्थापित किया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और जांच की व्यवस्था की गई। इसके अलावा ऋतु शाही ने मसौधा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बच्चों और महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महिला चौपाल में महिलाओं को अपनी समस्याएं सीधे राज्य महिला आयोग के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे उनकी शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी जयपाल वर्मा, सीओ सिटी श्रेयश त्रिपाठी सहित महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

