एसटीएफ से मुठभेड़ में एक लाख के इनामी की मौत, साथी फरार

Spread the love

एसटीएफ से मुठभेड़ में एक लाख के इनामी की मौत, मौके से स्टेनगन और पिस्टल बरामद

अयोध्या। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई के साथ जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में एक लाख के इनामी गोरखपुर निवासी युवक की मौत हुई है। उसपर पुलिस ने एक लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। हालांकि मुठभेड़ के दौरान उसका साथी मौके से भाग निकला। एसटीएफ टीम ने महाराजगंज थाने में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बताया गया कि प्रयागराज एसटीएफ इकाई की टीम को इनामी भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू उम्र लगभग 38 वर्ष के जनपद में मूवमेंट की जानकारी मिली थी। निरीक्षक जेपी राय की टीम ने पीछा करते हुए महाराजगंज थाना क्षेत्र के एमी घाट के पास रविवार की देर रात लगभग 11 बजे घेराबंदी की तो बाइक सवार युवकों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि जवाबी फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठा भाग निकला। इलाकाई पुलिस को सूचित कर घायल भानु प्रताप को एसटीएफ ने सीएचसी पूरा बाजार पहुंचाया तो डाक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। दर्शननगर मेंडिकल कॉलेज लाए जाने के बाद डॉक्टरों उसको मृत घोषित कर दिया।

तारुन क्षेत्र में था आनाजाना

जानकारों का कहना है कि श्रवण क्षेत्र से सटा जनपद का हैदरगंज और तारुन थाना क्षेत्र का इलाका जरायम पेशा लोगों के लिए फरारी काटने का मुफीद क्षेत्र माना जाता है। इसी क्षेत्र में सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ आदि जिलों के दागियों की आमद दरफ्त दर्ज हुई है। एक लाख के इनामी गोरखपुर निवासी भानु प्रताप सिंह का भी क्षेत्र में आवागमन था। फिलहाल अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि उसके साथ कौन था जो पुलिस की घेराबंदी तोड़ मौके से फरार होने में सफल रहा।

पूर्वांचल में सुपारी शूटर की थी पहचान

पुलिस के मुताबिक भानु प्रताप की पहचान पूर्वांचल में सुपारी शूटर के रूप में थी। उसके खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती और अम्बेडकरनगर में डकैती और हत्या समेत अन्य के लगभग 41 मामले दर्ज थे। एक दूध कारोबारी की हत्या में फरार भानु प्रताप सिंह की गिरफ्तारी के लिए आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख का इनाम घोषित किया था। जबकि उसपर अंबेडकरनगर से 50 हजार और गोरखपुर से 25 हजार व बस्ती से 15 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस का दावा है कि भानु प्रताप सिंह पूर्वांचल में व्यापारियों और ठेकेदारों से रंगदारी वसूल रहा था और सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देता था।


Spread the love

Related posts