
धार्मिक यात्रा अयोध्या: रामनगरी में भक्ति की बही बयार, राजस्थान से आए 225 श्रद्धालु भजन संध्या में झूमे
अयोध्या। रामनगरी में भक्ति, संगीत और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिला। राजस्थान के विजयवाड़ा इलेक्ट्रिकल डीलर्स एसोसिएशन (वेडा) के डिवाइन वाराणसी-अयोध्या टूर के तहत 225 सदस्यीय श्रद्धालु दल अयोध्या पहुंचा। श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने के बाद एक होटल में आयोजित भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया।
देर रात तक चले आयोजन में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।कार्यक्रम का शुभारंभ कवयित्री वैष्णवी शर्मा की काव्य प्रस्तुति से हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श, त्याग और मर्यादा पर आधारित रचनाओं का पाठ कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाती मिश्रा ने श्रीराम भक्ति से ओतप्रोत भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर तक तालियां बजाते हुए भक्ति रस में डूबे रहे।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत संजय दास ने कहा कि सनातन संस्कृति को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक उसके संस्कार पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने वेडा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राएं केवल दर्शन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी हैं।इस अवसर पर निर्मोही अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत मुरलीदास भी मौजूद रहे।
वेडा के अध्यक्ष रमेश जैन ने बताया कि 225 सदस्यीय दल ने सबसे पहले काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में सहभागिता की। इसके बाद अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि रामनगरी की आध्यात्मिक ऊर्जा और यहां का आत्मीय वातावरण सभी श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा। कार्यक्रम में वेडा के उपाध्यक्ष अशोक जैन, सचिव तमन्ना, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

