
किसान आत्मदाह चेतावनी: CM योगी से न्याय की गुहार, सुनवाई नहीं हुई तो आत्मदाह की चेतावनी… !
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के महाराजगंज थाना क्षेत्र के बुजुर्ग बल्ला गांव निवासी राम प्रताप यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि उनकी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो वह मुख्यमंत्री आवास के सामने तेल छिड़ककर आत्मदाह करेंगे।
राम प्रताप यादव का आरोप है कि उनकी गाटा संख्या 300, 305, 307, 309 और 310 की करीब चार बीघा, करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर जबरन कब्जा कर उसे बेच दिया गया। उनका दावा है कि यह कथित कब्जा उस समय हुआ, जब वह रोज़गार के सिलसिले में दूसरे राज्य में रह रहे थे। उन्होंने आरोपu लगाया कि इस मामले में कुछ प्रभावशाली भू-माफिया शामिल हैं। साथ ही उनका यह भी आरोप है कि आरोपी मुस्लिम समुदाय से हैं और उनके प्रभाव में आकर लेखपाल तथा स्थानीय प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय गलत रिपोर्ट लगाई।
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने जिलाधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय तक कई बार शिकायत की, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। उनका आरोप है कि शिकायतों को दबाया गया और उन्हें लगातार धमकियां भी मिल रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह मजबूर होकर मुख्यमंत्री आवास के सामने आत्मदाह जैसा कदम उठाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
राम प्रताप यादव के वीडियो ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कर अपना पक्ष सार्वजनिक करता है या नहीं।

