तूफानी बारिश का कहर: बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त, धान की फसल को नुकसान

Spread the love

तूफानी बारिश का कहर: बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त, धान की फसल को नुकसान

गोसाईगंज, अयोध्या। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते कस्बे में जगह-जगह जलभराव की स्थिति बनी हुई है। बाजारों में सन्नाटा पसरा है और ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के कम पहुंचने के कारण व्यापार भी प्रभावित हुआ है। रोजाना ठेला लगाकर सब्जी, चाऊमीन और चाट बेचने वाले दुकानदारों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।लगातार बारिश और तेज हवाओं का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी धान की फसल तेज हवाओं के कारण गिर गई है। इससे किसानों के चेहरों पर चिंता साफ दिखाई दे रही है। किसान भोला यादव, अनिल, रामकुमार और रज्जब अली ने बताया कि बारिश और हवा से खेतों में खड़ी फसल को काफी नुकसान हुआ है।
सब्जियों की खेती करने वाले किसानों की परेशानी भी बढ़ गई है। मूली और गोभी के खेतों में पानी भरने से डूब गई है। तेज हवाओं के कारण कई जगह फसलें खेतों में गिर गई हैं। किसानों को आशंका है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो नुकसान और बढ़ सकता है

बाजार में पसरा सन्नाटा

बरिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से नगर के बाजार में आने वाले लोगों की संख्या काफी कम हो गई है। इसका सीधा असर व्यापारियों की दुकानदारी पर पड़ा है। कई दुकानदारों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से बिक्री बेहद कम है। वहीं, प्रतिदिन कमाकर उसी से घर का खर्च चलाने वाले ठेला और रेहड़ी दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

जलभराव और गंदगी से बढ़ी परेशानी

कस्बे के कई मुहल्ले में जलभराव की समस्या बनी हुई है। तेलियागढ़, टेढियागली गली,पोस्टआफिस गली और भीटी चौराहा सहित कई स्थानों पर नालियां चोक होने से पानी की निकासी प्रभावित है। सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने से जगह-जगह कूड़ा जमा है। बारिश के पानी में कूड़ा सड़ने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा। स्थानीय लोगों ने नगर में जलनिकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।


Spread the love

Related posts