
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: ट्रस्ट में स्थानीय संतों और कारसेवकों के परिवार को शामिल किए जाने की उठी मांग
सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के बाद अब ट्रस्ट में बदलाव की मांग तेज हो गई है। हर कोई अपने – अपने विचार साझा करते हुए अपनी मांग भी उठा रहे हैं। ऐसे में सनातन रक्षक संघ ने शनिवार को मांग की है कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट में स्थानीय साधु संतों को प्रतिनिधित्व देने की मांग की है, इसको लेकर सनातन रक्षक संघ ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र भी भेजा है।
सनातन रक्षक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुंद माधव त्रिपाठी ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन और मंदिर निर्माण में यहां के संतों एवं कारसेवकों का योगदान ऐतिहासिक रहा है, इसलिए उन्हें ट्रस्ट में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए। संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्र में मांग की है कि रंगमहल पीठाधीश्वर महंत रामशरण दास ने धर्म, समाज सेवा तथा सनातन परंपरा के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसके साथ ही महंत वासुदेवाचार्य स्वामी विद्या भास्कर को भी ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व दिया जाए।
इसके अलावा उन्होंने श्रीराम बल्लभाकुंज के अधिकारी महंत राजकुमार दास को से शामिल किए जाने की मांग उठाई है। मुकुंद माधव त्रिपाठी ने अपने पत्र में यह भी मांग की है कि श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कम से कम तीन कारसेवक परिवारों को भी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में प्रतिनिधित्व दिया जाए, ताकि उनके त्याग, संघर्ष और समर्पण का सम्मान हो सके।

