सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकराई बाइक, पति-पत्नी और 10 वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत

Spread the love

 

सड़क हादसा: पति-पत्नी और 10 वर्षीय बेटे की मौत, गांव में पसरा मातम

गोसाईगंज, अयोध्या। गोसाईगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गौहनिया पंडितपुरा निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी और 10 वर्षीय पुत्र ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान सुरेंद्र पुत्र जियाराम, उनकी पत्नी सरिता और 10 वर्षीय पुत्र सक्षम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र का विवाह लगभग 12 वर्ष पूर्व अंबेडकर नगर जनपद के अहिरौली थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव में हुआ था। शुक्रवार को वह पत्नी और बच्चों के साथ अंबेडकर नगर जिला अस्पताल में भर्ती अपनी सास का हालचाल जानने जा रहे थे।

बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब 11 बजे भोजन करने के बाद परिवार बाइक से अंबेडकर नगर के लिए निकला था। रास्ते में प्यारेपुर के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े एक डीसीएम वाहन से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सरिता और पुत्र सक्षम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही गौहनिया पंडितपुरा गांव में मातम छा गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाने लगे।

हादसे में परिवार की 12 वर्षीय बेटी सुरक्षित बच गई, जो उनके साथ नहीं गई थी,  माता-पिता और छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही वह बदहवास हो गई और दादा-दादी से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी। बेटे, बहू और पोते को खोने के बाद पिता जियाराम का भी रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में गमगीन माहौल बना हुआ है।


Spread the love

Related posts