राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: भगवान राम के घर में ‘महा डकैती’ हुई-अरविंद केजरीवाल

Spread the love

फोटो: बृजेश सेन

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बड़ा हमला

अयोध्या। अयोध्या पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा और आभूषणों के मामले को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक होटल में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि भगवान राम के घर में महा डकैती हुई है। भगवान के आभूषण, हार, पादुका, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात और करोड़ों-अरबों रुपये का चढ़ावा गायब हो गया।

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि इस कथित मामले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं और उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बनाई गई एसआईटी और दर्ज एफआईआर फर्जी हैं तथा इनमें केवल छोटे लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि असली जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं हो रही।

फोटो: बृजेश सेन

उन्होंने कहा कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अपने आरोपों के समर्थन में उन्होंने सिंधी एसोसिएशन द्वारा वर्ष 2021 में 200 किलो चांदी दान किए जाने का उदाहरण देते हुए दावा किया कि अब दानदाताओं के मन में भी अपने चढ़ावे को लेकर सवाल उठ रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि वह भगवान राम के दर्शन करने और श्रद्धालुओं की भावनाओं के समर्थन में अयोध्या आए हैं। वहीं, उनके इन आरोपों को लेकर राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।

एफआईआर और एसआईटी की कार्रवाई केवल छोटे लोगों तक सीमित

रामलला के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान में कथित रूप से बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में दर्ज एफआईआर और एसआईटी की कार्रवाई केवल छोटे लोगों तक सीमित है, जबकि असली जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है। केजरीवाल ने दावा किया कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है और अब दान देने वाले लोग अपने चढ़ावे का हिसाब मांग रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रतिदिन 12 से 14 लाख रुपये का चढ़ावा आता था, जो अब घटकर एक लाख रुपये से भी कम रह गया है। उन्होंने ट्रस्ट के कामकाज, कथित जमीन खरीद मामलों, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग गायब होने और दान प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और बड़े नामों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

फोटो: बृजेश सेन

मंदिर ट्रस्ट के संचालन की जिम्मेदारी संत समाज और धर्माचार्यों को सौंपना चाहिए

उन्होंने कहा कि राम मंदिर ट्रस्ट का संचालन धर्माचार्यों और संत समाज को सौंपा जाना चाहिए, न कि नेताओं और अधिकारियों को। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी अपील की कि कथित दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन करें। केजरीवाल ने दावा किया कि जिन लोगों ने कथित रूप से भगवान राम के नाम पर भ्रष्टाचार किया है, उन्हें कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने समाज से भी ऐसे लोगों के सामाजिक बहिष्कार की अपील की।

अरविंद केजरीवाल ने किया रामलला का दर्शन, हनुमानगढ़ी में भी टेका माथा

आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को सबसे पहले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंच रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई और आशीर्वाद लिया, इसके बाद वह सीधे सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी पहुंचे, जहां उन्होंने बजरंगबली के दरबार में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने साधु संतों से भी मुलाकात की और उनका आशीर्वाद किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले को लेकर उन्होंने कहा कि इस प्रकरण से मन बहुत व्यथित हुआ है, इसी कारण आज मैने रामलला का दर्शन कर उनसे प्रार्थना की है कि जो भी लोग इस प्रकरण में शामिल हैं, तो उन्हें भगवान राम स्वयं दंड दें।


Spread the love

Related posts