
पर्यटन समाचार: रामनगरी में पर्यटन को मिली नई पहचान, टीजीएए की वेबसाइट व यूनिफॉर्म का शुभारंभ
अयोध्या। धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी अयोध्या में पर्यटन व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने की दिशा में मंगलवार को एक नई पहल की गई। टूर गाइड वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ अयोध्या (TGAA) की आधिकारिक वेबसाइट एवं नई यूनिफॉर्म का भव्य शुभारंभ राजकीय अतिथि गृह (सर्किट हाउस), सिविल लाइंस में आयोजित समारोह में किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि महंत संजयदास महाराज ने वेबसाइट और यूनिफॉर्म का लोकार्पण करते हुए कहा कि अयोध्या में लगातार बढ़ रही पर्यटकों की संख्या को देखते हुए प्रशिक्षित एवं प्रमाणित टूर गाइडों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर जानकारी एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
कार्यक्रम के संरक्षक एवं अयोध्या नगर निगम के महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि अयोध्या वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रही है। ऐसे में टूर गाइडों को संगठित और पेशेवर स्वरूप देने वाली यह पहल पर्यटन विकास को नई गति प्रदान करेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने बताया कि नई वेबसाइट के माध्यम से पर्यटकों को अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं दर्शनीय स्थलों के साथ-साथ प्रमाणित टूर गाइड सेवाओं की जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि नई यूनिफॉर्म से गाइडों की अलग एवं विश्वसनीय पहचान स्थापित होगी।
समारोह में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने TGAA की इस पहल को अयोध्या के पर्यटन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम बताते हुए इसकी सराहना की। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार ज्ञापन के साथ हुआ।

