Ayodhya Deepotsav 2026 Tour Package: यूपीएसटीडीसी ने तैयार किया 3 दिवसीय टूर पैकेज, जानें कीमत और बुकिंग

Spread the love

Ayodhya Deepotsav 2026 Tour Package: दीपोत्सव के लिए यूपीएसटीडीसी का खास टूर पैकेज, 16,999 रुपये में अयोध्या दर्शन से दीपोत्सव तक का सफर

अयोध्या। दीपोत्सव-2026 में रामनगरी की भव्यता का साक्षी बनने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) ने देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए तीन दिवसीय विशेष टूर पैकेज तैयार किया है। दो रात और तीन दिन के इस पैकेज में छह से आठ नवंबर तक अयोध्या के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। पैकेज की दर 16,999 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित की गई है। जीएसटी अतिरिक्त होगा।दीपोत्सव के दौरान रामनगरी में 30 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाने के साथ 2,100 ड्रोन का भव्य शो आकर्षण का केंद्र रहेगा। सात नवंबर को दीपोत्सव के दिन ड्रोन शो के साथ नौ नवंबर को भी इसका प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अलावा 2,100 बटुकों की सामूहिक सरयू आरती, 240 से अधिक मंदिर-मठों में दीप प्रज्ज्वलन, मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो समेत कई कार्यक्रम होंगे।

राम जन्मभूमि से कनक भवन तक दर्शन

पैकेज में ट्विन-शेयरिंग आधार पर होटल में ठहरने, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भोजन और एसी वाहन से परिवहन की सुविधा शामिल है। पहले दिन पर्यटकों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और दशरथ महल का दर्शन कराया जाएगा। शाम को सरयू आरती और रोशनी से जगमगाती राम की पैड़ी का दृश्य देखने का अवसर मिलेगा।दूसरे दिन नागेश्वर नाथ मंदिर, सीता की रसोई समेत अन्य प्रमुख स्थलों के भ्रमण के बाद पर्यटक दीपोत्सव के कार्यक्रमों का आनंद लेंगे। तीसरे दिन मंदिर दर्शन और स्थानीय बाजारों में खरीदारी के बाद यात्रा का समापन होगा। पर्यटक निर्धारित अवधि से अधिक रुकना चाहें तो पैकेज को कस्टमाइज भी करा सकेंगे।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि विशेष टूर पैकेज के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व से परिचित होने के साथ दीपोत्सव की भव्यता को करीब से अनुभव करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, नए घाट, एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट जैसे नए आकर्षण भी पर्यटकों के अनुभव को बेहतर करेंगे। राम की पैड़ी पर विजिटर गैलरी व सेल्फी प्वाइंट, गुप्तार घाट का सौंदर्यीकरण और उधैला झील में ईको-टूरिज्म विकास भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

जाने कैसे होगी बुकिंग

इच्छुक पर्यटक यूपीएसटीडीसी के 83030 19844 नंबर पर संपर्क कर पैकेज की जानकारी और बुकिंग कर सकते हैं। निगम की वेबसाइट के माध्यम से भी बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। पैकेज में व्यक्तिगत खर्च, स्मारकों के प्रवेश शुल्क, नाव की सवारी और अन्य ऐसी सेवाएं शामिल नहीं हैं, जिनका अलग से उल्लेख नहीं किया गया है।अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने कहा कि दीपोत्सव ने बीते वर्षों में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। दीपोत्सव-2026 को और भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां की जा रही हैं। पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार पैकेज में ठहरने और परिवहन की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि अयोध्या आने वाले पर्यटक यहां से अविस्मरणीय यादें लेकर लौटें।


Spread the love

Related posts