
राममंदिर कथित दान चोरी मामला: सपा नेता व फैजाबाद सांसद ने की सुप्रीम कोर्ट के निर्देशन में उच्च स्तरीय कमेटी गठन की मांग
बोले-जांच के दौरान श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को किया जाय निलंबित
अयोध्या। राम मंदिर के चढ़ावे के कथित चोरी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। चोरी को लेकर लग रहे आरोप और उसकी सत्यता की जांच को लेकर सपा के वरिष्ठ नेता व फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी अब मामले में बड़ा बयान दिया है।
सपा सांसद ने कहा कि यह घोटाला नहीं बल्कि हमारे देश की सबसे बड़ी डकैती है। इस प्रकरण को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशन में उच्च स्तरीय कमेटी गठन की मांग की है। साथ ही जांच के दौरान श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को निलंबित करने की भी मांग उठाई है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि जब अखिलेश यादव ने इसका खुलासा किया तब न तो ट्रस्ट की तरफ से और न सरकार की तरफ से कुछ बोला गया। सभी पक्ष मैं रहे और अब जब परत दर परत निकल रहा है, तो यह डकैती ही है। उन्होंने कहा कि यह करोड़ो लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ मामला है। इसीलिए इसके खुलासे के लिए उच्च स्तरीय जांच की आवश्यकता है।
अवधेश प्रसाद ने मांग की है कि इस प्रकरण में उच्चतम न्यायालय के निर्देशन पर जांच कमेटी का गठन किया जाए ताकि दूध का दूध पानी का पानी और पर्त दर पर्त जो पैसा निकाला है सब पता लग जाएगा। इस दौरान मौजूदा ट्रस्ट को निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश के कोने-कोने से लोग आते हैं दान देते हैं विदेशों से भी आते हैं इसीलिए बड़ा मामला है इसीलिए बहुत बड़ी जांच होनी चाहिए।

